Wednesday, August 8, 2018

राम का नाम बदनाम ना करो

फ़िल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' का ये गाना धर्म के असली मर्म को समझाता है। भगवान राम हमारी सभ्यता में मर्यादा के प्रतीक हैं। उन्हें मर्यादा पुरूषोत्तम कहा जाता है। समाज में मर्यादा का क्या महत्व है भगवान राम का जीवन इसकी नज़ीर पेश करता है। राजा राम का जीवन आदर्श माना जाता है जिन्होंने नीति और धर्म को शासन की धुरी बनाया जहां प्रजा का कल्याण सबसे ऊपर था।



आज हम ऐसे समय में हैं जहां धर्म की आड़ में लोग अपने व्यवसाय, कुकृत्यों को भी जायज़ ठहराने की कोशिश करते हैं। राम का नाम लेकर किए जाने वाले हर उस काम की घोर निंदा की जानी चाहिए जो जुर्म के दायरे में आता है। लोग धर्म का नाम लेकर हिंसा पर उतारू हो जाते हैं और भगवान के बंदों की जान लेने से भी नहीं कतराते। जो इंसान को इंसान भी नहीं समझते वे धर्म को क्या जानेंगे? धर्म और इंसानियत का जज़्बा त्याग में है न कि ज़ोर-ज़बरदस्ती में।

कुछ लोग तर्क दे सकते हैं कि अगर राम का मन्दिर भारत में नहीं बनेगा तो फिर कहां बनेगा? मगर इस तर्क का तोड़ स्वयं प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ही अपनी संयुक्त अरब अमीरात की डेढ़ साल पहले की गई यात्रा में दे दिया था, जब उन्होंने वहां के सुल्तान से अबूधाबी में मन्दिर बनाने के लिए जमीन आवंटित करने का वादा लिया था। अतः मन्दिर किसी मुस्लिम देश में भी बन सकता है परन्तु अयोध्या के राम मन्दिर का सन्दर्भ पूरी तरह अलग है क्योंकि भारत के हिन्दुओं की आस्था है कि भगवान राम का जन्म अयोध्या में ही हुआ था और उसी स्थान पर हुआ था जहां पहले बाबरी मस्जिद थी जिसे मुगलकाल में बाबर बादशाह के शासन के दौरान मन्दिर से मस्जिद में परिवर्तित करके बनाया गया था।

अतः भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री लालकृष्ण अडवानी के नेतृत्व में 1988 से आन्दोलन शुरू हुआ कि ‘मन्दिर वहीं बनाएंगे, जहां राम का जन्म हुआ था।’ श्री अडवानी ने अपनी बहुचर्चित ‘सोमनाथ से अयोध्या’ तक की रथ यात्रा निकालने से पहले देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे चलाने वाली ‘राम लीलाओं’ के मंचों का प्रयोग करके राम मन्दिर निर्माण आन्दोलन के लिए जन-समर्थन जुटाने का व्यापक अभियान चलाया जिससे सांस्कृतिक पहचान धार्मिक पहचान में बदल गई। धर्म और संस्कृति में बहुत महीन अन्तर होता है जिसे श्री अडवानी ने मिटा दिया और इसके बाद उनकी रथ यात्रा निकली और अन्त में 6 दिसम्बर 1992 को पूरे सरकारी तन्त्र के पूरी तरह सावधान रहने के बावजूद बाबरी मस्जिद या कथित ढांचा गिरा दिया गया। पूरे देश में साम्प्रदायिक दंगों का कोहराम मच गया। इसकी वजह यही थी कि सांस्कृतिक पहचान को धार्मिक बना दिया गया था जिससे दो सम्प्रदाय एक-दूसरे के आमने–सामने आकर खड़े हो गए। यह संभवतः वैसा ही मामला था जिस तरह मुहम्मद अली जिन्ना ने पाकिस्तान बनवाया था। जिन्ना ने भी मुसलमानों के सांस्कृतिक पक्ष को समेटते हुए उनके लिए अलग मुल्क की मांग सिर्फ इसलिए की थी कि उनका धर्म अलग था जबकि मुसलमानों की संस्कृति भारत की मूल संस्कृति में पूरी तरह साझेदार थी और इस तरह साझेदार थी कि सबसे कट्टर समझे जाने वाले मुगल बादशाह औरंगजेब को भी अपने लालकिले के ठीक सामने चांदनी चौक में अपने मराठा सिपाही आपा गंगाधर की मांग पर भगवान ‘गौरी शंकर’ का मन्दिर बनाने की इजाजत देनी पड़ी थी।

यह भी हकीकत है कि अन्तिम मुगल सम्राट बहादुर शाह जफर ने ही दिल्ली में रामलीला की शुरूआत कराई थी। जाहिर है कि मुगल साम्राज्य का पतन होने की वजह से विभिन्न रियासतों में हिन्दू राजाओं और मुस्लिम नवाबों की पुर-अख्तियार रियासतें काबिज थीं, बेशक 1857 के बाद ये सभी अंग्रेजों की हुक्मबरदार जैसी हो गई थीं। अयोध्या अवध के नवाब वाजिद अली शाह की रियासत का हिस्सा थी जिसकी राजधानी पहले फैजाबाद हुआ करती थी और उसका शाही निशान ‘धनुष-बाण व मछली’ था। यह धनुष-बाण भगवान राम का ही प्रतीक चिन्ह था। अवध की अन्तिम बेगम हजरत महल के साथ 1857 के अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध में महाराजा बाल किशन, राजा जय लाल, राणा माधोबख्श, राजा दृग बिजय सिंह, राजा जय लाल सिंह जैसे हिन्दू रियासतों के कर्ताधर्ता भी थे। खुद बेगम के नेपाल के महाराजा से सम्बन्ध बहुत मधुर थे जिसकी वजह से उन्होंने अपनी सल्तनत छिन जाने के बाद नेपाल जाना चाहा था। काठमांडौ में ही बेगम की कब्र भी है। इसके बावजूद उस दौरान किसी हिन्दू राजा या रियाया ने अयोध्या में राम मन्दिर की मांग नहीं की? जाहिर है कि तब 19वीं सदी में लोगों ने सांस्कृतिक मुद्दे को धार्मिक मुद्दा बनाना उचित नहीं समझा मगर इसका मतलब यह कतई नहीं है कि अयोध्या में श्रीराम मन्दिर नहीं बनना चाहिए। यह बनना चाहिए मगर केवल सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद किन्तु उत्तर प्रदेश के होमगार्ड के महानिदेशक किसी शुक्ला साहेब ने जिस तरह एक गोष्ठी में जाकर अपने पद पर रहते हुए राम मन्दिर बनाने की शपथ ली है उससे यह देश अचानक 1947 से भी पीछे चला जाएगा क्योंकि देश के पहले गृहमन्त्री सरदार पटेल ने भारत के आजाद होने के बाद हमारी पुलिस व प्रशासनिक सेवाओं का जो ढांचा खड़ा किया था उसमें किसी भी पुलिस अधिकारी का धर्म केवल संविधान का पालन करना है।

वह हिन्दू या मुसलमान में से कुछ भी हो सकता है मगर उसका ईमान किसी नागरिक को केवल इंसान मानने का है। उसका काम न तो मन्दिर बनाना है और न मस्जिद बनाना, उसका काम केवल भारत बनाना है। सरदार पटेल ने भी जब सोमनाथ मन्दिर का पुनरुद्धार कराया था तो एक ट्रस्ट स्थापित करके ही उसे सरकार से पूरी तरह अलग रखते हुए कराया था जबकि उस पर किसी प्रकार का विवाद नहीं था। भारत कोई पाकिस्तान नहीं है कि यहां के पुलिस अफसर अपने निजी मजहब का सरेआम मुजाहिरा करते फिरें। से पुलिस अफसर ने राम के नाम पर धब्बा लगाने का काम ही किया है और पूरे पुलिस तन्त्र का सिर शर्म से नीचा किया है मगर क्या किया जाए उत्तर प्रदेश में पिछले तीस साल से चल रही सियासत ने पूरे कुएं में इस तरह भांग डाली है कि यहां की पुलिस के अफसर राजनीतिक दल के प्रति अपनी वफादारी दिखाने के लिए अपनी वर्दी को सरेआम शर्मसार करते हैं और संविधान को ताक पर रखकर अपनी नौकरियां करने के लिए मजबूर किए जाते हैं। क्या सूबा है उत्तर प्रदेश कि यहां पुलिस अफसर कभी ‘राधा रानी’ का वेष भर लेता है तो कभी राम मन्दिर बनाने की कसम खाने लगता है। हम राम मन्दिर बनायें मगर राम के आदर्शों का पालन करते हुए, राम तो गुरुनानक देव जी महाराज और सन्त कबीरदास के लिए भी ईश्वर रूप थे मगर से निराकार रूप में जिसका किसी मूर्ति से कोई सरोकार नहीं था। राम के सर्वत्र व्यापी स्वरूप का इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है जिसे कबीरदास को सन्त रामानंद ने समझाया था-

हुए बिरखत बनारस रैन्दा रामानन्द गुसांई
अमृत वेल्ले उठके जान्दा गंगा न्हावन ताँईं
अग्गे ते ही जाइके लम्बा पया कबीर खथाँईं
पैरी टुंग उटा लेया बोलो ‘राम’ सिख समझाई

Thursday, August 2, 2018

शुक्रवार को करें इन में से करें कोई भी उपाय

शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी की पूजा और उनके निमित व्रत रखा जाता है। इस दिन व्रत रखने से और कुछ खास उपाय करने से आपके धन में वृद्धि होगी। घर की सुख-समृद्धि बनी रहेगी और आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होंगी। साथ ही बिजनेस में बढ़ोत्तरी होगी, आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और आपकी किस्मत के सितारे आपका पूरा साथ देंगे।



शुक्रवार को करें इन में से करें कोई भी उपाय-


  1. अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में कभी धन की कमी न हो। तो आप शुक्रवार के दिन सवा किलो चावल को सफेद कपड़े की पोटली में बांधकर अपनी तिजोरी में रख दें। ऐसा करने से आपके घर में लक्ष्मी मां की कृपा से कभी धन की कमी नहीं होगी।
  2. सदा लक्ष्मी जी की कृपा आपके ऊपर बनी रहे, इसके लिए शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी को कमल का फूल भी अर्पित करें। माता की कृपा सदा आप पर बनी रहेगी।
  3. पैसों के साथ ही घर में कभी अन्न की कमी न हो, इसके लिये शुक्रवार के दिन 5 एकाक्षी नारियल लेकर, एक पीले कपड़े में बांधकर अपने रसोईघर के पूर्व स्थित कोने में रख दें। ऐसा करने से आपको घर में कभी भी अन्न-धन की कमी महसूस नहीं होगी।
  4. अगर आपके घर में पैसों की तंगी रहती है तो आप 5 शुक्रवार तक मां लक्ष्मी को सफेद फूलों से बनी माला चढ़ाएं। ऐसा करने से आपकी पैसों से संबंधी परेशानी का हल जल्द ही मिलेगा।
  5. अगर आपको अपने जीवन में सच्चे साथी की तलाश है तो आप शुक्रवार के दिन दूध और चावल की खीर बनाएं। ध्यान रहे उस खीर में शक्कर की जगह मिश्री डालनी है । अब इस खीर का भोग देवी मां को लगाएं। भोग लगाने के बाद प्रसाद छोटी कन्याओं में बांट दें। ऐसा करने से आपको जल्द ही अथाह प्रेम करने वाला जीवन साथी मिलेगा।
  6. परिवार के सदस्यों के बीच सामंजस्य स्थापित करने के लिए शुक्रवार के दिन 11 कन्याओं को भोजन कराएं और कुछ गिफ्ट करें। अगर 11 कन्याओं को भोजन नहीं करा सकते तो 5 को कराएं, 2 को कराएं और वो भी नहीं कर सकते, तो दो कन्याओं को फल का दान करें। ऐसा करने से परिवार में सामंजस्य की स्थिति बनी रहेगी।
  7. यदि आप चाहते हैं कि आपकी सोची हर मुराद आसानी से पूरी हो जाए तो आप शुक्रवार के दिन शाम के समय लक्ष्मी जी के आगे सोने की अंगूठी रखकर या फिर कुम्हार के घुमते हुए चाक से मिट्टी लाकर रख दें और उसकी विधि-विधान से पूजा करें। ऐसा करने से आपका सोचा हुआ काम जल्द ही पूरा होगा।
  8. यदि आपके किसी काम में बार-बार अड़चनें आ रही हैं, समय रहते काम पूरा नहीं हो पा रहा है तो शुक्रवार के दिन मन में व्रत का संकल्प करके मां लक्ष्मी के निमित व्रत करें और संभव हो तो आगे के लिये भी शुक्रवार के दिन व्रत जारी रख सकते हैं। आपकी सारी मनोकामनाएं जल्द ही पूरी होंगी।

Tuesday, July 24, 2018

नागा साधु

भारत में लगने वाले सबसे बड़े धार्मिक मेले, महाकुंभ की छटा बहुत समय पहले ही दिखने लगती है। इस मेले में देश-विदेश से आने वाले असंख्य लोग भाग लेते हैं, जिसकी वजह से यह मेला भी रंग-बिरंगा हो जाता है। लेकिन इस मेले का सबसे रहस्यमयी रंग होते हैं नागा साधु, जिनका संबंध शैव परंपरा की स्थापना से है। पूरे शरीर में भभूत मले, निर्वस्त्र तथा बड़ी-बड़ी जटाओं वाले नागा साधु कुम्भ स्नान का प्रमुख आकर्षण होते हैं। नागा साधु हिन्दू धर्मावलम्बी साधु हैं जो कि नग्न रहने तथा युद्ध कला में माहिर होने के लिये प्रसिद्ध हैं। ये विभिन्न अखाड़ों में रहते हैं जिनकी परम्परा जगद्गुरु आदिशंकराचार्य द्वारा की गयी थी।




जीवन शैली

इनके आश्रम हरिद्वार और दूसरे तीर्थों के दूरदराज इलाकों में हैं जहां ये आम जनजीवन से दूर कठोर अनुशासन में रहते हैं। इनके गुस्से के बारे में प्रचलित किस्से कहानियां भी भीड़ को इनसे दूर रखती हैं। लेकिन वास्तविकता यह है कि यह शायद ही किसी को नुकसान पहुंचाते हों। हां, लेकिन अगर बिना कारण अगर कोई इन्हें उकसाए या तंग करे तो इनका क्रोध भयानक हो उठता है। कहा जाता है कि भले ही दुनिया अपना रूप बदलती रहे लेकिन शिव और अग्नि के ये भक्त इसी स्वरूप में रहेंगे।

नागा साधु तीन प्रकार के योग करते हैं जो उनके लिए ठंड से निपटने में मददगार साबित होते हैं। वे अपने विचार और खानपान, दोनों में ही संयम रखते हैं। नागा साधु एक सैन्य पंथ है और वे एक सैन्य रेजीमेंट की तरह बंटे हैं। त्रिशूल, तलवार, शंख और चिलम से वे अपने सैन्य दर्जे को दर्शाते हैं।

ये साधु प्रायः कुम्भ में दिखायी देते हैं। नागा साधुओं को लेकर कुंभ मेले में बड़ी जिज्ञासा और कौतुहल रहता है, खासकर विदेशी पर्यटकों में। कोई कपड़ा ना पहनने के कारण शिव भक्त नागा साधु दिगंबर भी कहलाते हैं, अर्थात आकाश ही जिनका वस्त्र हो। कपड़ों के नाम पर पूरे शरीर पर धूनी की राख लपेटे ये साधु कुम्भ मेले में सिर्फ शाही स्नान के समय ही खुलकर श्रद्धालुओं के सामने आते हैं। आमतौर पर मीडिया से ये दूरी ही बनाए रहते हैं।

अधिसंख्य नागा साधु पुरुष ही होते हैं, कुछ महिलायें भी नागा साधु हैं पर वे सार्वजनिक रूप से सामान्यतः नग्न नहीं रहती अपितु एक गेरुवा वस्त्र लपेटे रहती हैं।

इतिहास

भारतीय सनातन धर्म के वर्तमान स्वरूप की नींव आदिगुरू शंकराचार्य ने रखी थी। शंकर का जन्म ८वीं शताब्दी के मध्य में हुआ था जब भारतीय जनमानस की दशा और दिशा बहुत बेहतर नहीं थी। भारत की धन संपदा से खिंचे तमाम आक्रमणकारी यहाँ आ रहे थे। कुछ उस खजाने को अपने साथ वापस ले गए तो कुछ भारत की दिव्य आभा से ऐसे मोहित हुए कि यहीं बस गए, लेकिन कुल मिलाकर सामान्य शांति-व्यवस्था बाधित थी। ईश्वर, धर्म, धर्मशास्त्रों को तर्क, शस्त्र और शास्त्र सभी तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में शंकराचार्य ने सनातन धर्म की स्थापना के लिए कई कदम उठाए जिनमें से एक था देश के चार कोनों पर चार पीठों का निर्माण करना। यह थीं गोवर्धन पीठ, शारदा पीठ, द्वारिका पीठ और ज्योतिर्मठ पीठ। इसके अलावा आदिगुरू ने मठों-मन्दिरों की सम्पत्ति को लूटने वालों और श्रद्धालुओं को सताने वालों का मुकाबला करने के लिए सनातन धर्म के विभिन्न संप्रदायों की सशस्त्र शाखाओं के रूप में अखाड़ों की स्थापना की शुरूआत की।

आदिगुरू शंकराचार्य को लगने लगा था सामाजिक उथल-पुथल के उस युग में केवल आध्यात्मिक शक्ति से ही इन चुनौतियों का मुकाबला करना काफी नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि युवा साधु व्यायाम करके अपने शरीर को सुदृढ़ बनायें और हथियार चलाने में भी कुशलता हासिल करें। इसलिए ऐसे मठ बने जहाँ इस तरह के व्यायाम या शस्त्र संचालन का अभ्यास कराया जाता था, ऐसे मठों को अखाड़ा कहा जाने लगा। आम बोलचाल की भाषा में भी अखाड़े उन जगहों को कहा जाता है जहां पहलवान कसरत के दांवपेंच सीखते हैं। कालांतर में कई और अखाड़े अस्तित्व में आए। शंकराचार्य ने अखाड़ों को सुझाव दिया कि मठ, मंदिरों और श्रद्धालुओं की रक्षा के लिए जरूरत पडऩे पर शक्ति का प्रयोग करें। इस तरह बाह्य आक्रमणों के उस दौर में इन अखाड़ों ने एक सुरक्षा कवच का काम किया। कई बार स्थानीय राजा-महाराज विदेशी आक्रमण की स्थिति में नागा योद्धा साधुओं का सहयोग लिया करते थे। इतिहास में ऐसे कई गौरवपूर्ण युद्धों का वर्णन मिलता है जिनमें ४० हजार से ज्यादा नागा योद्धाओं ने हिस्सा लिया। अहमद शाह अब्दाली द्वारा मथुरा-वृन्दावन के बाद गोकुल पर आक्रमण के समय नागा साधुओं ने उसकी सेना का मुकाबला करके गोकुल की रक्षा की।

नागा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी

1. नागा अभिवादन मंत्र : ॐ नमो नारायण।

2. नागा का ईश्वर : शिव के भक्त नागा साधु शिव के अलावा किसी को भी नहीं मानते।

3. नागा वस्तुएं : त्रिशूल, डमरू, रुद्राक्ष, तलवार, शंख, कुंडल, कमंडल, कड़ा, चिमटा, कमरबंध या कोपीन, चिलम, धुनी के अलावा भभूत आदि।

4. नागा का कार्य : गुरु की सेवा, आश्रम का कार्य, प्रार्थना, तपस्या और योग क्रियाएं करना।

5. नागा दिनचर्या : नागा साधु सुबह चार बजे बिस्तर छोडऩे के बाद नित्य क्रिया व स्नान के बाद श्रृंगार पहला काम करते हैं। इसके बाद हवन, ध्यान, बज्रोली, प्राणायाम, कपाल क्रिया व नौली क्रिया करते हैं। पूरे दिन में एक बार शाम को भोजन करने के बाद ये फिर से बिस्तर पर चले जाते हैं।

6. सात अखाड़े ही बनाते हैं नागा : संतों के तेरह अखाड़ों में सात संन्यासी अखाड़े ही नागा साधु बनाते हैं:- ये हैं जूना, महानिर्वणी, निरंजनी, अटल, अग्नि, आनंद और आवाहन अखाड़ा।

7. नागा इतिहास : सबसे पहले वेद व्यास ने संगठित रूप से वनवासी संन्यासी परंपरा शुरू की। उनके बाद शुकदेव ने, फिर अनेक ऋषि और संतों ने इस परंपरा को अपने-अपने तरीके से नया आकार दिया। बाद में शंकराचार्य ने चार मठ स्थापित कर दसनामी संप्रदाय का गठन किया। बाद में अखाड़ों की परंपरा शुरू हुई। पहला अखाड़ा अखंड आह्वान अखाड़ा’ सन् 547 ई. में बना।

8. नाथ परंपरा : माना जाता है कि नाग, नाथ और नागा परंपरा गुरु दत्तात्रेय की परंपरा की शाखाएं है। नवनाथ की परंपरा को सिद्धों की बहुत ही महत्वपूर्ण परंपरा माना जाता है। गुरु मत्स्येंद्र नाथ, गुरु गोरखनाथ साईनाथ बाबा, गजानन महाराज, कनीफनाथ, बाबा रामदेव, तेजाजी महाराज, चौरंगीनाथ, गोपीनाथ, चुणकरनाथ, भर्तृहरि, जालन्ध्रीपाव आदि। घुमक्कड़ी नाथों में ज्यादा रही।

9. नागा उपाधियां : चार जगहों पर होने वाले कुंभ में नागा साधु बनने पर उन्हें अलग अलग नाम दिए जाते हैं। इलाहाबाद के कुंभ में उपाधि पाने वाले को 1.नागा, उज्जैन में 2.खूनी नागा, हरिद्वार में 3.बर्फानी नागा तथा नासिक में उपाधि पाने वाले को 4.खिचडिया नागा कहा जाता है। इससे यह पता चल पाता है कि उसे किस कुंभ में नागा बनाया गया है।

10. नागाओं के पद : नागा में दीक्षा लेने के बाद साधुओं को उनकी वरीयता के आधार पर पद भी दिए जाते हैं। कोतवाल, पुजारी, बड़ा कोतवाल, भंडारी, कोठारी, बड़ा कोठारी, महंत और सचिव उनके पद होते हैं। सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण पद सचिव का होता है।

11. कठिन परीक्षा : नागा साधु बनने के लिए लग जाते हैं 12 वर्ष। नागा पंथ में शामिल होने के लिए जरूरी जानकारी हासिल करने में छह साल लगते हैं। इस दौरान नए सदस्य एक लंगोट के अलावा कुछ नहीं पहनते। कुंभ मेले में अंतिम प्रण लेने के बाद वे लंगोट भी त्याग देते हैं और जीवन भर यूं ही रहते हैं।

12. नागाओं की शिक्षा और ‍दीक्षा : नागा साधुओं को सबसे पहले ब्रह्मचारी बनने की शिक्षा दी जाती है। इस परीक्षा को पास करने के बाद महापुरुष दीक्षा होती है। बाद की परीक्षा खुद के यज्ञोपवीत और पिंडदान की होती है जिसे बिजवान कहा जाता है।

अंतिम परीक्षा दिगम्बर और फिर श्रीदिगम्बर की होती है। दिगम्बर नागा एक लंगोटी धारण कर सकता है, लेकिन श्रीदिगम्बर को बिना कपड़े के रहना होता है। श्रीदिगम्बर नागा की इन्द्री तोड़ दी जाती है।

13. कहां रहते हैं नागा साधु : नाना साधु अखाड़े के आश्रम और मंदिरों में रहते हैं। कुछ तप के लिए हिमालय या ऊंचे पहाड़ों की गुफाओं में जीवन बिताते हैं। अखाड़े के आदेशानुसार यह पैदल भ्रमण भी करते हैं। इसी दौरान किसी गांव की मेर पर झोपड़ी बनाकर धुनी रमाते हैं।

नागा बनने की प्रक्रिया

हिन्दू संत धारा में नागा साधुओं का राष्ट्र और धर्म की रक्षा हेतु अहम योगदान रहा है। कालांतर में ये साधु योद्धा होते हैं। हालांकि आज युद्ध नहीं होते ऐसे में उक्त साधुओं की दिनचर्या में भी फर्क पड़ा है। समय के साथ सब कुछ बदलता रहता है, लेकिन एक बात है जो नहीं बदलती और वह यह कि नागा साधु बनने के लिए कड़ी प्रक्रिया से गुजरना होता है । नागा साधु बनने की प्रक्रिया कठिन तथा लम्बी होती है। नागा साधुओं के पंथ में शामिल होने की प्रक्रिया में लगभग छह साल लगते हैं। इस दौरान नए सदस्य एक लंगोट के अलावा कुछ नहीं पहनते। कुंभ मेले में अंतिम प्रण लेने के बाद वे लंगोट भी त्याग देते हैं और जीवन भर यूँ ही रहते हैं। कोई भी अखाड़ा अच्छी तरह जाँच-पड़ताल कर योग्य व्यक्ति को ही प्रवेश देता है। पहले उसे लम्बे समय तक ब्रह्मचारी के रूप में रहना होता है, फिर उसे महापुरुष तथा फिर अवधूत बनाया जाता है। अन्तिम प्रक्रिया महाकुम्भ के दौरान होती है जिसमें उसका स्वयं का पिण्डदान तथा दण्डी संस्कार आदि शामिल होता है।

1. अर्द्धकुंभ, महाकुंभ और सिंहस्थ के दौरान नागा साधु बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू होती है। संत समाज के 13 अखाड़ों में से 7 अखाड़े ही नागा बनाते हैं। ये हैं- जूना, महानिर्वाणी, निरंजनी, अटल, अग्नि, आनंद और आवाहन अखाड़ा।

2. नागा साधु बनने के लिए सर्वप्रथम ब्रह्मचर्य की दीक्षा दी जाती है। दीक्षा के बाद अखाड़े में शामिल होकर व्यक्ति 3 साल अपने गुरुओं की सेवा करता है। वहां उसे धर्म, दर्शन और कर्मकांड आदि को समझना होता है। इस परीक्षा को पास करने के बाद महापुरुष बनाने की दीक्षा प्रारंभ होती है।

3. कुंभ के दौरान उसे अगली प्रक्रिया में संन्यासी से महापुरुष बनाया जाता है जिसकी तैयारी किसी सेना में शामिल होने जैसी होती है। कुंभ में पहले उसका मुंडन करके नदी में 108 डुबकी लगवाई जाती है, इसके बाद वह अखाड़े के 5 संन्यासियों को अपना गुरु बनाता है।

4. महापुरुष बन जाने के बाद उन्हें अवधूत बनाए जाने की तैयारी शुरू होती है। अवधूत बनाने के लिए उस साधु का जनेऊ संस्कार करते हैं और उसके बाद उसे संन्यासी जीवन की शपथ दिलवाई जाती है। शपथ के बाद उसका पिंडदान करवाया जाता है। इसके बाद बारी आती है दंडी संस्कार की और फिर होता है पूरी रात 'ॐ नम: शिवाय' का जाप।

5. जाप करने के बाद भोर होते ही व्यक्ति को अखाड़े ले जाकर उससे विजया हवन करवाया जाता है और फिर गंगा में 108 डुबकियों का स्नान होता है। डुबकियां लगवाने के बाद अखाड़े के ध्वज के नीचे दंडी त्याग करवाया जाता है। इस संपूर्ण प्रक्रिया को 'बिजवान' कहा जाता है।

6. अंतिम परीक्षा दिगम्बर और फिर श्रीदिगम्बर की होती है। दिगम्बर नागा एक लंगोटी धारण कर सकता है, लेकिन श्रीदिगम्बर को बिना कपड़े के रहना होता है। श्रीदिगम्बर नागा की इन्द्री तोड़ दी जाती है।

7. नागा बन गए साधु को फिर वन, हिमालय, आश्रम और पहाड़ों में कठिन योग-साधना या तपस्या करना होती है। नागा बनने वाले साधुओं को भस्म, भगवा वस्त्र, चिमटा, धूनी, कमंडल और रुद्राक्ष की माला को धारण करना होता है।

8. ये नागा साधु हिमालय में शून्य से भी नीचे के तापमान में नग्न रहकर जीवित रह लेते हैं, लेकिन एक कमांडो ऐसा नहीं कर सकता। नागा साधु कितने ही दिनों तक भूखा रह सकता है। ठंड, गर्मी और वर्षा सभी मौसमों में उन्हें तपस्या के दौरान नग्न ही रहना होता है।

9. नागा साधु हमेशा भूमि पर सोते हैं। नागा साधु अखाड़े के आश्रम और मंदिरों में रहते हैं। कुछ तप के लिए हिमालय या ऊंचे पहाड़ों की गुफाओं में जीवन बिताते हैं। अखाड़े के आदेशानुसार ये पैदल भ्रमण भी करते हैं। इसी दौरान किसी गांव की मेड़ पर झोपड़ी बनाकर धुनी रमाते हैं। भ्रमण के दौरान भिक्षा मांगकर अपना पेट भरते हैं। दिन में एक ही समय भिक्षा के लिए मात्र 7 घरों में जाते हैं। यदि सातों घरों से कोई भिक्षा न मिले, तो उन्हें भूखा ही सोना होता है।

10. नागा साधुओं के पास खुद के हथियार जैसे तलवार, त्रिशूल और भाला रहते हैं जिन्हें उसे चलाने की शिक्षा मिलती है। जंगल में उनका सामना जंगली जानवरों से हो जाए तो वे बगैर हथियारों के भी लड़ाई लड़ना जानते हैं। मठों और मंदिरों की रक्षा के लिए नागा साधुओं ने कई कालांतरों में कई लड़ाइयां लड़ी हैं। पुराने समय में नागा साधुओं को अखाड़ों में एक योद्धा की तरह तैयार किया जाता था।

11. दीक्षा लेने के बाद नागा साधुओं को उनकी वरीयता के आधार पर पद भी दिए जाते हैं। कोतवाल, बड़ा कोतवाल, पुजारी, भंडारी, कोठारी, बड़ा कोठारी, महंत और सचिव उनके पद होते हैं। मूलत: नागा साधु के बाद महंत, श्रीमहंत, जमातिया महंत, थानापति महंत, पी महंत, दिगंबर श्री, महामंडलेश्वर और आचार्य महामंडलेश्वर नामक पद होते हैं।

12. चार आध्यात्मिक पद- 1. कुटीचक, 2. बहूदक, 3. हंस और सबसे बड़ा 4. परमहंस। नागाओं में परमहंस सर्वश्रेष्ठ माने जाते हैं। नागाओं में शस्त्रधारी नागा अखाड़ों के रूप में संगठित हैं। इसके अलावा नागाओं में औघड़ी, अवधूत, महंत, कापालिक, श्मशानी आदि भी होते हैं।

13. प्रयाग के महाकुंभ में दीक्षा लेने वालों को नागा, उज्जैन में दीक्षा लेने वालों को खूनी नागा, हरिद्वार में दीक्षा लेने वालों को बर्फानी व नासिक में दीक्षा वालों को खिचड़िया नागा के नाम से जाना जाता है।


वर्तमान स्थिति


भारत की आजादी के बाद इन अखाड़ों ने अपना सैन्य चरित्र त्याग दिया। इन अखाड़ों के प्रमुख ने जोर दिया कि उनके अनुयायी भारतीय संस्कृति और दर्शन के सनातनी मूल्यों का अध्ययन और अनुपालन करते हुए संयमित जीवन व्यतीत करें। इस समय १३ प्रमुख अखाड़े हैं जिनमें प्रत्येक के शीर्ष पर महन्त आसीन होते हैं। इन प्रमुख अखाड़ों का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार हैं:-

१. श्री निरंजनी अखाड़ा:- यह अखाड़ा ८२६ ईस्वी में गुजरात के मांडवी में स्थापित हुआ था। इनके ईष्ट देव भगवान शंकर के पुत्र कार्तिकस्वामी हैं। इनमें दिगम्बर, साधु, महन्त व महामंडलेश्वर होते हैं। इनकी शाखाएं इलाहाबाद, उज्जैन, हरिद्वार, त्र्यंबकेश्वर व उदयपुर में हैं।

२. श्री जूनादत्त या जूना अखाड़ा:- यह अखाड़ा ११४५ में उत्तराखण्ड के कर्णप्रयाग में स्थापित हुआ। इसे भैरव अखाड़ा भी कहते हैं। इनके ईष्ट देव रुद्रावतार दत्तात्रेय हैं। इसका केंद्र वाराणसी के हनुमान घाट पर माना जाता है। हरिद्वार में मायादेवी मंदिर के पास इनका आश्रम है। इस अखाड़े के नागा साधु जब शाही स्नान के लिए संगम की ओर बढ़ते हैं तो मेले में आए श्रद्धालुओं समेत पूरी दुनिया की सांसें उस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए रुक जाती हैं।आजकल इनके पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज है

३. श्री महानिर्वाण अखाड़ा:- यह अखाड़ा ६७१ ईस्वी में स्थापित हुआ था, कुछ लोगों का मत है कि इसका जन्म बिहार-झारखण्ड के बैजनाथ धाम में हुआ था, जबकि कुछ इसका जन्म स्थान हरिद्वार में नील धारा के पास मानते हैं। इनके ईष्ट देव कपिल महामुनि हैं। इनकी शाखाएं इलाहाबाद, हरिद्वार, उज्जैन, त्र्यंबकेश्वर, ओंकारेश्वर और कनखल में हैं। इतिहास के पन्ने बताते हैं कि १२६० में महंत भगवानंद गिरी के नेतृत्व में २२ हजार नागा साधुओं ने कनखल स्थित मंदिर को आक्रमणकारी सेना के कब्जे से छुड़ाया था।

४. श्री अटल अखाड़ा:- यह अखाड़ा ५६९ ईस्वी में गोंडवाना क्षेत्र में स्थापित किया गया। इनके ईष्ट देव भगवान गणेश हैं। यह सबसे प्राचीन अखाड़ों में से एक माना जाता है। इसकी मुख्य पीठ पाटन में है लेकिन आश्रम कनखल, हरिद्वार, इलाहाबाद, उज्जैन व त्र्यंबकेश्वर में भी हैं।

५. श्री आह्वान अखाड़ा:- यह अखाड़ा ६४६ में स्थापित हुआ और १६०३ में पुनर्संयोजित किया गया। इनके ईष्ट देव श्री दत्तात्रेय और श्री गजानन हैं। इस अखाड़े का केंद्र स्थान काशी है। इसका आश्रम ऋषिकेश में भी है। स्वामी अनूपगिरी और उमराव गिरी इस अखाड़े के प्रमुख संतों में से हैं।

6. श्री आनंद अखाड़ा:- यह अखाड़ा ८५५ ईस्वी में मध्यप्रदेश के बेरार में स्थापित हुआ था। इसका केंद्र वाराणसी में है। इसकी शाखाएं इलाहाबाद, हरिद्वार, उज्जैन में भी हैं।

७. श्री पंचाग्नि अखाड़ा:- इस अखाड़े की स्थापना ११३६ में हुई थी। इनकी इष्ट देव गायत्री हैं और इनका प्रधान केंद्र काशी है। इनके सदस्यों में चारों पीठ के शंकराचार्य, ब्रहमचारी, साधु व महामंडलेश्वर शामिल हैं। परंपरानुसार इनकी शाखाएं इलाहाबाद, हरिद्वार, उज्जैन व त्र्यंबकेश्वर में हैं।

८. श्री नागपंथी गोरखनाथ अखाड़ा:- यह अखाड़ा ईस्वी ८६६ में अहिल्या-गोदावरी संगम पर स्थापित हुआ। इनके संस्थापक पीर शिवनाथजी हैं। इनका मुख्य दैवत गोरखनाथ है और इनमें बारह पंथ हैं। यह संप्रदाय योगिनी कौल नाम से प्रसिद्ध है और इनकी त्र्यंबकेश्वर शाखा त्र्यंबकंमठिका नाम से प्रसिद्ध है।

९. श्री वैष्णव अखाड़ा:- यह बालानंद अखाड़ा ईस्वी १५९५ में दारागंज में श्री मध्यमुरारी में स्थापित हुआ। समय के साथ इनमें निर्मोही, निर्वाणी, खाकी आदि तीन संप्रदाय बने। इनका अखाड़ा त्र्यंबकेश्वर में मारुति मंदिर के पास था। १८४८ तक शाही स्नान त्र्यंबकेश्वर में ही हुआ करता थाए परंतु १८४८ में शैव व वैष्णव साधुओं में पहले स्नान कौन करे इस मुद्दे पर झगड़े हुए। श्रीमंत पेशवाजी ने यह झगड़ा मिटाया। उस समय उन्होंने त्र्यंबकेश्वर के नजदीक चक्रतीर्था पर स्नान किया। १९३२ से ये नासिक में स्नान करने लगे। आज भी यह स्नान नासिक में ही होता है।

१०. श्री उदासीन पंचायती बड़ा अखाड़ा:- यह अखाड़ा १९१० में स्थापित हुआ। इस संप्रदाय के संस्थापक श्री चंद्रआचार्य उदासीन हैं। इनमें सांप्रदायिक भेद हैं। इनमें उदासीन साधु, मंहत व महामंडलेश्वरों की संख्या ज्यादा है। उनकी शाखाएं शाखा प्रयाग, हरिद्वार, उज्जैन, त्र्यंबकेश्वर, भदैनी, कनखल, साहेबगंज, मुलतान, नेपाल व मद्रास में है।

११. श्री उदासीन नया अखाड़ा:- यह अखाड़ा १७१० में स्थापित हुआ। इसे बड़ा उदासीन अखाड़ा के कुछ सांधुओं ने विभक्त होकर स्थापित किया। इनके प्रवर्तक मंहत सुधीरदासजी थे। इनकी शाखाएं प्रयागए हरिद्वार, उज्जैन, त्र्यंबकेश्वर में हैं।

१२. श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा:- यह अखाड़ा १७८४ में स्थापित हुआ। १७८४ में हरिद्वार कुंभ मेले के समय एक बड़ी सभा में विचार विनिमय करके श्री दुर्गासिंह महाराज ने इसकी स्थापना की। इनकी ईष्ट पुस्तक श्री गुरुग्रन्थ साहिब है। इनमें सांप्रदायिक साधु, मंहत व महामंडलेश्वरों की संख्या बहुत है। इनकी शाखाएं प्रयाग, हरिद्वार, उज्जैन और त्र्यंबकेश्वर में हैं।

१३. निर्मोही अखाड़ा:- निर्मोही अखाड़े की स्थापना १७२० में रामानंदाचार्य ने की थी। इस अखाड़े के मठ और मंदिर उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात और बिहार में हैं। पुराने समय में इसके अनुयायियों को तीरंदाजी और तलवारबाजी की शिक्षा भी दिलाई जाती थी। ऐसा भी माना जाता है कि प्राचीन काल में लोमश नाम के ऋषि थे जिनकी आयू अखंड है कहते है जब एक हजार ब्रह्मा समाप्त होते है तो उनके शरीर का एक रोम गिरता है। आचार्य लोमश ऋषि के ने भगवान शंकर के कहने पर गुरू परंपरा पर तंत्र शास्त्र पर आधारित सबसे पहले आगम अखाडे की स्थापना की। जो सबसे प्राचीन है विश्व में जिसका मुख्ययालय वर्त्तमान मे हिमालय मे कही है। आगम अखाडे के साधू बहुत ही रहस्यमयी होते है,पूजा ध्यान करते हुऐ वो भूमि का त्याग कर अधर मे होते है



Monday, April 30, 2018

बुद्ध पूर्णिमा

बुद्ध पूर्णिमा वैशाख मास की पूर्णिमा को मनाई जाती है. इसे वैशाख पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन को भगवान गौतम बुद्ध की जयंती और उनके निर्वाण दिवस दोनों के ही तौर पर मनाया जाता है. इसी दिन भगवान बुद्ध को बौध यानी ज्ञान प्राप्त हुआ था. यह बुद्ध अनुयायियों का बड़ा त्योहार है. बौध धर्म को मानने वाले भगवान बुद्ध के उपदेशों का पालन करते हैं. भगवान बुद्ध का पहला उपदेश ‘धर्मचक्र प्रवर्तन’ के नाम से जाना जाता है. यह पहला उपदेश भगवान बुद्ध ने आषाढ़ पूर्णिमा के दिन पांच भिक्षुओं को दिया था.




मान्यताएं-



  • माना जाता है कि वैशाख की पूर्णिमा को ही भगवान विष्णु का ने अपने नौवें अवतार के रूप में जन्म लिया. यह नौवां अवतार था भगवान बुद्ध का. इसी दिन उनका निर्वाण हुआ. 
  • इसी दिन को सत्य विनायक पूर्णिमा के तौर पर भी मनाया जाता है. मान्यता है कि भगवान कृष्ण के बचपन के दोस्त सुदामा गरीबी के दिनों में उनसे मिलने पहुंचे. इसी दौरान जब दोनों दोस्त साथ बैठे थे, तो कृष्ण ने सुदामा को सत्यविनायक व्रत का विधान बताया था. सुदामा ने इस व्रत को विधिवत किया और उनकी गरीबी नष्ट हो गई. 
  • इस दिन धर्मराज की पूजा करने की भी मान्यता है. कहते हैं कि सत्यविनायक व्रत से धर्मराज खुश होते हैं. माना जाता है कि धर्मराज मृत्यु के देवता हैं इसलिए उनके प्रसन्‍न होने से अकाल मौत का ड़र कम हो जाता है. 
हिंदुओं में हर महीने की पूर्णिमा विष्णु भगवान को समर्पित होती है. इस दिन तीर्थ स्थलों में गंगा स्नान का लाभदायक और पाप नाशक माना जाता है. लेकिन वैशाख पूर्णिमा का अपना-अलग ही महत्व है. इसका कारण यह बताया जाता है‍ कि इस माह होने वाली पूर्णिमा को सूर्य अपनी उच्च राशि मेष में होता है. इतना ही नहीं चांद भी अपनी उच्च राशि तुला में होता है. कहते हैं कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन लिया स्नान कई जन्मों के पापों का नाश करता है.
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मंदिर में एक महीने तक चलने वाले विशाल मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश विदेश के लाखों बौद्ध अनुयायी पहुंचते हैं। आज के दिन बोधगया में जिस पीपल के वृक्ष के नीचे भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी इस वृक्ष की जड़ों में दूध और सुगंधित पानी का सिंचन किया जाता है। बुद्ध पूर्णिमा न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के कई अन्य देशों में भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। श्रीलंका, कंबोडिया, वियतनाम, चीन, नेपाल थाईलैंड, मलयेशिया, म्यांमार, इंडोनेशिया जैसे देश शामिल हैं। श्रीलंका में इस दिन को 'वेसाक' के नाम से जाना जाता है जो निश्चित रूप से वैशाख का ही अपभ्रंश है। 
बुद्ध पूर्णिमा पर बौद्ध मतावलंबी बौद्ध विहारों और मठों में इकट्ठा होकर एक साथ उपासना करते हैं। दीप जलाते हैं। रंगीन पताकाओं से सजावट की जाती है और बुद्ध की शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लेते हैं। बुद्ध ने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से क्रांति का सूत्रपात किया था। उन्होंने तत्कालीन समाज में मौजूद घोर आडंबर, पशु और नरबलि, वैदिक कर्मकाण्डों का विरोध किया। बुद्ध ने मानव कल्याण का उपदेश दिया। उन्होंने लोगों के बीच से स्वर्ग-नर्क के भय को दूर करने की कोशिश की। वह महान पथ प्रदर्शक थे। बुद्ध ने चार आर्यसत्य बताए जिनके जरिए मनुष्य अपने जीवन को सफलतापूर्वक जी सकता है।


1- दुख है
2- दुख का कारण है
3- दुख का निवारण है
4- दुख निवारण का उपाय है
दुख निवारण के उपाय के तौर बुद्ध ने अष्टांगिक मार्ग का सूत्र दिया:
1- यम 2- नियम 3- आसन 4- प्राणायाम 5- प्रत्याहार 6- ध्यान 7- धारणा 8- समाधि
बौद्ध धर्मावलंबियों के अतिरिक्त हिंदू धर्म में भी यह तिथि काफी मायने रखती है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक पूर्णिमा विष्णु को समर्पित तिथि मानी जाती है और भगवद्पुराण के अनुसार बुद्ध भगवान विष्णु के नौवें अवतार थे। हिंदू धर्म में वैशाख पूर्णिमा को 'सत्य विनायक पूर्णिमा' के तौर पर भी मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता है कि श्रीकृष्ण ने उनसे मिलने पहुंचे उनके मित्र सुदामा को सत्य विनायक व्रत करने की सलाह दी थी, जिसके प्रभाव से उनकी दरिद्रता समाप्त हो सकी। इसके अलावा इस दिन 'धर्मराज' की पूजा का भी विधान है। धर्मराज की इस दिन पूजा-उपासना से साधक को अकाल मृत्यु का भय नहीं सताता है।
महात्मा बुद्ध का प्रथम धर्म-उपदेश: 
भगवान बुद्ध का प्रथम उपदेश ‘धर्मचक्र प्रवर्तन’ के नाम से प्रसिद्ध है जो उन्होंने आषाढ़ पूर्णिमा के दिन पांच भिक्षुओं को दिया था। भेदभाव रहित होकर हर वर्ग के लोगों ने महात्मा बुद्ध की शरण ली व उनके उपदेशों का अनुसरण किया। कुछ ही दिनों में पूरे भारत में ‘बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघ शरणम् गच्छामि’ का जयघोष गूंजने लगा। मगध और उसके पड़ोसी राजा भी बौद्ध धर्म के अनुयायी बन गए। महात्मा बुद्ध ने पहली बार सारनाथ में प्रवचन दिया था। उन्होंने कहा कि केवल मांस खाने वाला ही अपवित्र नहीं होता, क्रोध, व्यभिचार, छल, कपट, ईर्ष्या और दूसरों की निंदा भी इंसान को अपवित्र बनाती है। मन की शुद्धता के लिए पवित्र जीवन बिताना जरूरी है। 
निर्वाण और धर्म प्रचार  : बौद्ध धर्म विश्व के प्राचीन धर्मों में से एक है। बौद्ध धर्म की सभी शिक्षाएं आत्मा की शुद्धता से संबंधित हैं। महात्मा बुद्ध की शिक्षा के चार मौलिक सिद्धांत है : संसार दुखों का घर है, दुख का कारण वासनाएं हैं, वासनाओं को मारने से दुख दूर होते हैं, वासनाओं को मारने के लिए मानव को अष्टमार्ग अपनाना चाहिए। 
अष्टमार्ग यानी, शुद्ध ज्ञान, शुद्ध संकल्प, शुद्ध वार्तालाप, शुद्ध कर्म, शुद्ध आचरण, शुद्ध प्रयत्न, शुद्ध स्मृति और शुद्ध समाधि।
भगवान बुद्ध का धर्म प्रचार 40 वर्षों तक चलता रहा। अंत में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पावापुरी नामक स्थान पर 80 वर्ष की अवस्था में ई.पू. 483 में वैशाख की पूर्णिमा के दिन ही महानिर्वाण प्राप्त हुआ।
विशेष पूजा : 
बुद्ध जयंती के दिन पूरे संसार के बौद्ध मठों में भगवान बुद्ध के उपदेशों और प्रार्थनाओं की गूंज सुनाई देती है। भगवान बुद्ध से संबंधित सभी बौद्ध स्थलों पर बौद्ध भिक्षु इकट्ठे होकर उनकी शिक्षाओं को याद करते हैं। इस दिन श्रद्धालु भगवान बुद्ध की प्रतिमा की फूलों, फलों व अगरबत्ती द्वारा पूजा-अर्चना करते हैं व प्रसाद चढ़ाकर वितरित भी किया जाता है।
बुद्ध के ही बिहार स्थित बोधगया नामक स्थान हिन्दू व बौद्ध धर्मावलंबियों के पवित्र तीर्थ स्थान हैं। गृहत्याग के पश्चात सिद्धार्थ सत्य की खोज के लिए सात वर्षों तक वन में भटकते रहे। यहाँ उन्होंने कठोर तप किया और अंततः वैशाख पूर्णिमा के दिन बोधगया में बोधिवृक्ष के नीचे उन्हें बुद्धत्व ज्ञान की प्राप्ति हुई। तभी से यह दिन बुद्ध पूर्णिमा के रूप में जाना जाता है। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बुद्ध की महापरिनिर्वाणस्थली कुशीनगर में स्थित महापरिनिर्वाण विहार पर एक माह का मेला लगता है। यद्यपि यह तीर्थ गौतम बुद्ध से संबंधित है, लेकिन आस-पास के क्षेत्र में हिंदू धर्म के लोगों की संख्या ज्यादा है और यहां के विहारों में पूजा-अर्चना करने वे बड़ी श्रद्धा के साथ आते हैं। इस विहार का महत्व बुद्ध के महापरिनिर्वाण से है। इस मंदिर का स्थापत्य अजंता की गुफाओं से प्रेरित है। इस विहार में भगवान बुद्ध की लेटी हुई (भू-स्पर्श मुद्रा) ६.१ मीटर लंबी मूर्ति है। जो लाल बलुई मिट्टी की बनी है। यह विहार उसी स्थान पर बनाया गया है, जहां से यह मूर्ति निकाली गयी थी। विहार के पूर्व हिस्से में एक स्तूप है। यहां पर भगवान बुद्ध का अंतिम संस्कार किया गया था। यह मूर्ति भी अजंता में बनी भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण मूर्ति की प्रतिकृति है।
श्रीलंका व अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में इस दिन को 'वेसाक' उत्सव के रूप में मनाते हैं जो 'वैशाख' शब्द का अपभ्रंश है। इस दिन बौद्ध अनुयायी घरों में दीपक जलाए जाते हैं और फूलों से घरों को सजाते हैं। विश्व भर से बौद्ध धर्म के अनुयायी बोधगया आते हैं और प्रार्थनाएँ करते हैं। इस दिन बौद्ध धर्म ग्रंथों का पाठ किया जाता है। विहारों व घरों में बुद्ध की मूर्ति पर फल-फूल चढ़ाते हैं और दीपक जलाकर पूजा करते हैं। बोधिवृक्ष की भी पूजा की जाती है। उसकी शाखाओं को हार व रंगीन पताकाओं से सजाते हैं। वृक्ष के आसपास दीपक जलाकर इसकी जड़ों में दूध व सुगंधित पानी डाला जाता है।। इस पूर्णिमा के दिन किए गए अच्छे कार्यों से पुण्य की प्राप्ति होती है। पिंजरों से पक्षियॊं को मुक्त करते हैं व गरीबों को भोजन व वस्त्र दान किए जाते हैं। दिल्ली स्थित बुद्ध संग्रहालय में इस दिन बुद्ध की अस्थियों को बाहर प्रदर्शित किया जाता है, जिससे कि बौद्ध धर्मावलंबी वहाँ आकर प्रार्थना कर सकें।
राजकुमार सिद्धार्थ कैसे बनें महात्मा गौतम बुद्ध
बौद्ध धर्म के संस्थापक भगवान बुद्ध का जन्म कपिलवस्तु के राजा शुद्धोधन के यहां लुम्बिनी वन में हुआ था। महात्मा बुद्ध को भगवान विष्णु का नौवां अवतार कहा जाता है। इनका बचपन का नाम सिद्धार्थ था और इनके जन्म पर जब एक तपस्वी ने यह भविष्यवाणी कि यह बालक छोटी आयु में ही संन्यासी हो जाएगा तो उसके चिंतित पिता शुद्धोधन ने सिद्धार्थ की महल से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। 16 वर्ष की उम्र में सिद्धार्थ का विवाह राजकुमारी यशोधरा से कर दिया गया जिनसे इनका एक पुत्र राहुल पैदा हुआ।
बचपन से ही सिद्धार्थ गंभीर स्वभाव के होने के कारण अपना अधिकतर समय अकेले में चिंतन करके व्यतीत करते थे। एक दिन जब वह भ्रमण पर निकले तो उन्होंने एक वृद्ध को देखा जिसकी कमर झुकी हुई थी और वह लगातार खांसता हुआ लाठी के सहारे चला जा रहा था। थोड़ी आगे एक मरीज को कष्ट से कराहते देख उनका मन बेचैन हो उठा। उसके बाद उन्होंने एक मृतक की अर्थी देखी, जिसके पीछे उसके परिजन विलाप करते जा रहे थे।
ये सभी दृश्य देख उनका मन क्षोभ और वितृष्णा से भर उठा, तभी उन्होंने एक संन्यासी को देखा जो संसार के सभी बंधनों से मुक्त भ्रमण कर रहा था। इन सभी दृश्यों ने सिद्धार्थ को झकझोर कर रख दिया और उन्होंने संन्यासी बनने का निश्चय कर लिया। तब 19 वर्ष की आयु में एक रात सिद्धार्थ गृह त्याग कर इस क्षणिक संसार से विदा लेकर सत्य की खोज में निकल पड़े। 
ज्ञान की प्राप्ति : गृहत्याग के बाद उन्होंने सात दिन ‘अनुपीय’ नामक ग्राम में बिताए। फिर गुरु की खोज में वह मगध की राजधानी पहुंचे जहां कुछ दिनों तक वह ‘आलार कालाम’ नामक तपस्वी के पास रहे। इसके बाद वह एक आचार्य के साथ भी रहे लेकिन उन्हें कहीं संतोष नहीं मिला। अंत में ज्ञान की प्राप्ति के लिए उन्होंने स्वयं ही तपस्या शुरू कर दी। कठोर तप के कारण उनकी काया जर्जर हो गई थी लेकिन उन्हें अभी तक ज्ञान की प्राप्ति नहीं हुई थी। घूमते-घूमते वह एक दिन गया में उरुवेला के निकट निरंजना (फल्गु) नदी के तट पर पहुंचे और वहां एक पीपल के वृक्ष के नीचे स्थिर भाव में बैठ कर समाधिस्थ हो गए।
इसे बौद्ध साहित्य में ‘संबोधि काल’ कहा गया है। छ: वर्षों तक समाधिस्थ रहने के बाद जब उनकी आंखें खुलीं और उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई, वह वैशाख पूर्णिमा का दिन था और वह महात्मा गौतम बुद्ध कहलाए। उस स्थान को ‘बोध गया’ व पीपल का पेड़ बोधि वृक्ष कहा जाता है।

भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति (बुद्धत्व या संबोधी) और महापरिनिर्वाण ये तीनों एक ही दिन अर्थात वैशाख पूर्णिमा के दिन ही हुए थे। ऐसा किसी अन्य महापुरुष के साथ आज तक नही हुआ है। अपने मानवतावादी एवं विज्ञानवादी बौद्ध धम्म दर्शन से भगवान बुद्ध दुनिया के सबसे महान महापुरुष है। इसी दिन भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी। आज बौद्ध धर्म को मानने वाले विश्व में १८० करोड़ से अधिक लोग इस दिन को बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। हिन्दू धर्मावलंबियों के लिए बुद्ध विष्णु के नौवें अवतार हैं। अतः हिन्दुओं के लिए भी यह दिन पवित्र माना जाता है।